कृषि पिटारा

सेब की खेती करने पर बिहार सरकार दे रही है इतनी सब्सिडी

पटना: बिहार के काफी किसान अब पारंपरिक फसलों की खेती के बजाए उन फसलों की खेती में रुचि दिखा रहे हैं जिनमें अधिक मुनाफा है। बागवानी फसलों की खेती किसानों को अधिक मुनाफा कमाने का एक बढ़िया विकल्प दे रही है। किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सरकार अच्छी-खासी सब्सिडी दे रही है। इनमें से एक है – सेब की खेती। बिहार सरकार ने विशेष उद्यानिक फसल योजना के तहत सेब की खेती करने वाले किसानों को सब्सिडी देने का फैसला किया है। अभी भी काफी लोगों में यह आम धारणा है कि सेब की खेती मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश और जम्मू- कश्मीर में की जाती है, लेकिन ऐसी बात नहीं है। अब बिहार के किसान भी बड़े स्तर पर सेब की खेती कर रहे हैं।

सेब की खेती के प्रति किसानों की रूचि को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्य में सेब के रकबे के विस्तार की योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश सरकार ने सेब की खेती करने वाले किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी देने का फैसला किया है। खास बात यह है कि सरकार ने सेब की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर इकाई लागत 246250 रुपये निर्धारित की है। इसके ऊपर से किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। हालांकि, अभी इस योजना का लाभ केवल भागलपुर, बेगूसराय, औरंगाबाद, वैशाली, कटिहार, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिले के किसान ही उठा पाएंगे।

गौरतलब है कि बिहार सरकार राज्य में बागवानी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कई फसलों पर सब्सिडी दे रही है। मसलन – मगही पान,चाय, प्याज, आम, केला और कटहल की खेती कर किसान सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उद्यान निदेशालय के आधिकारिक बेवसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

Related posts

Leave a Comment