पूर्णिया

बिहार पहुंचा मॉनसून, लोगों ने ली राहत की सांस

पूर्णिया: देर से ही सही लेकिन मॉनसून ने बिहार में दस्तक दे हीं दिया। मानसून की पहली बारिश पूर्णिया में हुई। पूर्णिया के अलावा आसपास के जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। शुक्रवार को राजधानी समेत प्रदेश के अन्य इलाकों में भी आंधी चलने के साथ ही फुहारें पड़ीं। वहीं अगले 60 घंटे में मानसून की बारिश पूरे प्रदेश में शुरू होने की संभावना है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार करीब एक सप्ताह देरी से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया है। जिसके बाद पूर्णिया में जमकर बारिश हुई। पूर्णिया में पिछले चौबीस घंटे में 21.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्णिया के अलावा भागलपुर में 10.6 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं राजधानी में 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बिहार में एईएस से अब तक 160 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है, लेकिन चाइल्ड स्पेशलिस्ट बताते हैं कि बारिश के साथ ही मौत का सिलसिला थमने लगेगा। दरअसल इस बीमारी का कारण हीट और ह्यूमिडिटी है। इलाके में गर्मी जब 40 डिग्री के पार होती है और ह्यूमिडिटी 60 पार होती है, और यह स्थिति कई दिनों तक लगातार बनी रहती है तो बच्चे बीमार होने लगते हैं। अगर बारिश होती है तो गर्मी से भी राहत मिलेगी और एईएस के मामलों में भी कमी आएगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मानसून काफी सक्रिय है। इस कारण ही प्रदेश के विभिन्न भागों में बारिश हो रही है। शनिवार की सुबह से राजधानी के आकाश में बादल छाए रहे। बता दें कि आज राजधानी में भी बारिश हुई है। लोग सुबह उठे तो उन्हें मानसून आने के सुखद संकेत मिले। तेज हवा के साथ फुहारें पड़नी शुरू हो गईं। जिसके बाद लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली।

Leave a Comment