लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ क्रय वर्ष 2023-24 में किसानों को धान की उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने का लक्ष्य रखते हुए कुछ आवश्यक कदम उठाया है। इस उद्देश्य के तहत, धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य कॉमन धान के लिए 2183 रुपये प्रति क्विंटल और धान ग्रेड-ए के लिए 2203 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित दर से तय किया है। यूपी में विभिन्न धान क्रय केन्द्रों के माध्यम से अब तक सरकार ने 73,645 किसानों से सीधे 4.66 लाख टन धान की खरीद की है, जिसके एवज में किसानों के खातों में 775.063 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
खाद्य आयुक्त सौरभ बाबू ने बताया कि सरकार धान के साथ कई जिलों में मोटा अनाज भी खरीद रही है। गुरुवार तक सरकारी क्रय केंद्रों के जरिए 1,41,849.52 टन मोटा अनाज खरीदा गया है। इस दौरान किसानों को कोई असुविधा न हो और किसानों की सहूलियत का ध्यान रखा जाए – खाद्य आयुक्त ने यह आश्वासन दिया है। लेकिन फिर भी यदि किसी किसान को कोई असुविधा या समस्या का सामना करना पड़ रहा हो तो वे टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 पर कॉल करके समाधान पा सकते हैं।
गौरतलब है कि, सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए किसानों से दो श्रेणियों में धान खरीदने का निर्णय लिया है, और धान की खरीद की प्रक्रिया 29 फरवरी 2024 तक चलेगी। इसके लिए किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा, जिसके लिए आधार कार्ड नंबर की आवश्यकता है। योगी सरकार ने किसानों को धान और अन्य उपज की सरकारी खरीद के लिए करीब 4000 क्रय केंद्र स्थापित किए हैं। किसानों से खरीदे गए धान को स्थानीय धान मिलों में बंटा जाएगा, जिसका उपयोग गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को अन्न प्रदान करने के रूप में होगा।