कृषि पिटारा

हरियाणा: फसल नुकसान के लिए मुआवजा जारी

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने पिछले महीने किसानों से किया गया अपना एक वादा पूरा कर दिया है। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को फायदा होगा। दरअसल, बीते मार्च और अप्रैल महीने के दौरान हरियाणा में जबरदस्त बारिश हुई थी। इससे किसानों की लाखों हेक्टेयर में लगी फसल को नुकसान पहुंचा था। खास तौर पर गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। ऐसे में किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की थी। इसके बाद मुआवजे का ऐलान किया गया। तब सरकार ने कहा था कि नुकसान का आकलन करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में सर्वे किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट आते ही मुआवजा जारी कर दिया जाएगा।

इसके बाद फसल नुकसान के एवज में सरकार की ओर से 181 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इससे प्रदेश में हजारों किसानों को फायदा हुआ है। खास बात यह है कि ये राशि किसानों के अकाउंट में सीधे ट्रांसफर की गई है। इन पैसों से किसान अब खरीफ फसलों की समय पर खेती कर सकेंगे। उन्हें बीज और खाद के लिए किसी से उधार नहीं लेना पड़ेगा। जानकारी के मुताबिक, 1658000 किसानों ने फसल नुकसान के मुआवजे के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था। हालांकि, इनमें से सिर्फ 67758 किसानों को ही मुआवजा मिला। क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 67758 किसानों के खाते में ही ऑनलाइन मुआवजा राशि जारी की है।

गौरतलब है कि हरियाणा में बेमौसम बारिश से लाखों हेक्टेयर में लगी गेहूं की फसल प्रभावित हुई थी। तब हरियाणा सरकार ने ऐलान किया था कि 75 प्रतिशत से अधिक फसल खराब होने पर सरकार किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा देगी। अगर फसल 51 से 75 प्रतिशत खराब पाई जाती है, तो किसानों को 12 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा मिलेगा। इसी तरह 25 से 50 प्रतिशत फसल नुकसान होने पर 9 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से मुआवजा राशि दी जाएगी।

Related posts

Leave a Comment