कृषि पिटारा

अगर आप जैविक खेती कर रहे हैं तो यह काम ज़रूर करें

नई दिल्ली: आज देश और दुनिया भर में लोग रासायनिक खेती के नकारात्मक परिणामों से रूबरू हो रहे हैं। ये परिणाम मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद ही चिंताजनक हैं। ऐसे में, लोग इसके विकल्प की तलाश कर रहे हैं। काफी लोगों के अनुसार जैविक खेती के रूप में उन्हें एक समाधान नजर आ रहा है। क्योंकि रसायन युक्त भोजन एक स्वस्थ्य जीवन की राह को अवरुद्ध कर रहा है। अब इससे उबरने की आवश्यकता है।

कुछ सालों में जैविक खेती का चलन तेजी से बढ़ा है और जैविक उत्पादों ने यह साबित किया है कि ये मानव स्वास्थ्य के लिए बेहतर हैं। रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों को देखते हुए लोग अब जागरूक हो रहे हैं और जैविक खाद्य पदार्थों को पसंद कर रहे हैं, क्योंकि स्वास्थ्य का खान-पान से सीधा संबंध है।

ऑर्गेनिक अनाज, फल और सब्जियां केमिकल-से-युक्त उपज की तुलना में अधिक दाम पर बिक रही हैं, फिर भी लोग इन्हें खरीद रहे हैं, जिससे देश के कई राज्यों में जैविक खेती का भविष्य उज्ज्वल नजर आ रहा है। जैविक खेती से लाभ उठाने वाले किसानों को अब अपने उत्पाद को प्रमाणित करने के लिए ध्यान देना होगा। अपने उत्पाद को बेचने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रमाणित जैविक उत्पाद होना आवश्यक है। जैविक खेती करने वाले किसानों के लिए इस सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को जानना अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह उन्हें प्रमाणित जैविक उत्पाद बनाने की जिम्मेदारी देती है।

जैविक खेती करने वाले किसानों को सर्टिफाइड जैविक फार्मर बनने में 3 साल का समय लगता है। सर्टिफिकेशन प्रक्रिया में, प्रमाणीकरण संस्था से एक लिखित आश्वासन लेना होता है कि उनके उत्पादों को निरीक्षण किया गया है और जैविक खेती के सिद्धांतों का पालन किया गया है। जैविक उत्पाद को प्रमाणित कराने के लिए, किसान को पहले सर्टिफिकेशन संस्था में पंजीकरण करवाना होता है। उसके बाद, वार्षिक फसल योजना, भूमि के दस्तावेज, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार की फोटो और फार्म का नक्शा आदि संस्था को प्रस्तुत करने होते हैं। खेत का पंजीकरण कराने के लिए शुल्क भी जमा करना होता है।

इसके बाद, संस्था खेत का निरीक्षण करती है और उसके बाद उत्पादों का सर्टिफिकेट दिया जाता है। इस प्रक्रिया में संयंत्रों और उत्पादों की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियामकों का पालन किया जाता है। जैविक खेती एक स्वस्थ्य विकल्प है, लेकिन उसका सर्टिफाइड ब्रांडिंग भी महत्वपूर्ण है। यह सुनिश्चित करेगा कि उत्पाद बेहतरीन गुणवत्ता का है और खरीदारों को भरोसा दिलाएगा कि वे स्वस्थ और सुरक्षित खाद्य प्राप्त कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment