विज्ञान और प्रौद्योगिकी के जमाने में अगर आपने बदलती हुई तकनीकों से सामंजस्य बिठा लिया तो समझिये कि आपके अनगिनत काम आपकी उँगलियों के इशारे पर हो जाएंगे। जी हाँ, आज के समय लगभग सबके पास मोबाइल फोन है। भले ही वो सामान्य फीचर फोन ही क्यों न हो। पर अगर आपके पास स्मार्टफोन है तो उसे फीचर फोन बना कर इस्तेमाल करने के दिन अब ज़रूर लद जाने चाहिए। अभी ऐसे अनेक ऐप्स उपलब्ध हैं जो आपकी ज़िंदगी से कई परेशानियों को यूँ चुटकियों में दूर कर सकते हैं।
जी हाँ, सरकार ने ऐसे कई ऐप्स बनाए हैं जिनकी सहायता से सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का बिना किसी परेशानी के लाभ उठाया जा सकता है। तो चलिये जानते हैं ऐसे ही कुछ काम के ऐप्स के बारे में।
उमंग ऐप (UMANG)
उमंग एक बहुपयोगी ऐप है। इसके जरिये आप एक नहीं बल्कि कई सारे ऐप्स का काम ले सकते हैं। जैसे- आधार, डिजिलॉकर, भारत बिल पे, नेशनल कंज़्यूमर हेल्पलाइन, ई रक्त कोश, ई पाठशाला, EPFO, m-परिवहन, सॉइल हेल्थ कार्ड इत्यादि। इसके जरिये आप LPG सिलिन्डर भी बुक कर सकते हैं। यही नहीं, उमंग ऐप के जरिये आप विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा दी जा रही सेवाओं का भी लाभ उठा सकते हैं। यूनिफाइड मोबाइल ऐप्लीकेशन फॉर न्यू ऐज गवर्नेंस यानी (UMANG) ऐप के जरिये आप केंद्र, राज्य और नगर प्रशासन से जुड़े तमाम विभागों के लगभग 100 से ज्यादा काम घर बैठे अपने मोबाइल फोन से कर सकते हैं।
एम पासपोर्ट (mPassport)
इस ऐप के ज़रिए आप घर बैठे पासपोर्ट के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए आपको यहाँ पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर पूछी गई जरूरी जानकारियाँ देनी होंगी। आपको अपना आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस आदि के विवरण अपलोड करने होंगे। इसके बाद आप अपना पासपोर्ट अप्लाई कर सकेंगे। यही नहीं, इस ऐप की मदद से आप अपने पासपोर्ट के ऐप्लीकेशन स्टेटस को भी ट्रैक कर सकेंगे और अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र की लोकेशन भी जान सकेंगे।
एम आधार ऐप (mAadhaar)
mAadhaar एक काफी उपयोगी ऐप है। इसे UIDAI ने जारी किया है। mAadhaar की मदद से आप अपने आधार कार्ड को अपने मोबाइल फोन में रख सकते हैं और ज़रूरत पड़ने पर इसका उपयोग कर सकते हैं। mAadhaar ऐप का सबसे बड़ा लाभ ये है कि इसके जरिए उपयोगकर्ता किसी भी सेवा प्रदाता से अपनी eKYC की जानकारी शेयर कर सकते हैं। अपनी आधार प्रोफाइल को उपयोगकर्ता QR कोड के जरिए भी शेयर कर सकते हैं। इतना ही नहीं, इस ऐप के जरिये उपयोगकर्ता अपने बायोमेट्रिक डाटा को कभी भी और कहीं से भी ब्लॉक कर सकते हैं।
पोस्टइन्फो (Post Info)
पोस्टइन्फो भारतीय डाक की एक ऐप है। इस ऐप के जरिये उपयोगकर्ता को पार्सल ट्रैकिंग, पोस्टेज कैलक्युलेटर, इंश्योरेंस प्रीमियम कैलक्युलेटर और इंटरेस्ट कैलक्युलेटर आदि सुविधाएँ मिलती हैं।
माय गवर्नमंट (MyGov)
यह ऐप सरकार में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गयी है। इसके जरिये उपयोगकर्ता अपनी राय दे सकते हैं। इससे सरकार को जनता की नब्ज़ समझने का मौका मिलता है। सरकार यह समझ पाती है कि जनता के लिए बनाई जा रही नीतियों का स्वरूप कैसा हो? सरकार अक्सर विभिन्न विषयों पर इस ऐप के जरिये जनता की राय मांगती रहती है। इसके माध्यम से जनता को अक्सर विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए आमंत्रण भी दिये जाते हैं।
Consumer App (कंज्यूमर ऐप)
कंज्यूमर ऐप को खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्रालय ने लॉन्च किया है। इसके जरिये आप किसी वस्तु से जुड़ी अपनी शिकायत को सीधे मंत्रालय तक पहुँचा सकते हैं। इस ऐप की सबसे ख़ास बात है ये है कि यहाँ दर्ज हुई समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता है। उपभोक्ताओं की सामान्य शिकायतों को 15 दिनों के भीतर निपटा दिया जाता है। जबकि जटिल समस्याओं के लिए 60 दिन का समय तय किया गया है। यह ऐप हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों ही भाषाओं में उपलब्ध है।
भीम ऐप (BHIM App)
BHIM (भारत इंटरफेस फॉर मनी) के जरिये मनी ट्रांसफर से लेकर पेमेंट स्वीकार करने का काम कुछ स्केण्ड्स में बड़ी आसानी के साथ हो जाता है। आप अपने बैंक खाते को ऐप से लिंक कर कहीं से भी किसी व्यक्ति या कंपनी को पेमेंट कर सकते हैं। भीप ऐप NPCI यानि नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित किया जाता है। यह ऐप UPI यानि Unified Payments Interface सिस्टम पर काम करता है। इसका डाटा पूरी तरह से सुरक्षित है।
आयकर सेतु (Aaykar Setu)
यह ऐप आयकर विभाग द्वारा संचालित किया जाता है। इसकी मदद से आप बड़ी आसानी से टैक्सी भर सकते हैं। इसके लिए आपको कहीं जाने की जरुरत नहीं है। इसके अलावा आयकर सेतु से आप ऑनलाइन पैन कार्ड भी अप्लालई कर सकते हैं। अगर आपको अपने आधार को पैन से जोड़ना है तो ये काम भी इस ऐप के जरिये बड़ी सहूलियत के साथ हो जाता है। इस ऐप में आपको टैक्स कैलक्युलेटर की भी सुविधा मिलती है।