कृषि पिटारा

झारखंड में किसानों से होगी गोबर की सरकारी खरीद, पशुपालन को मिलेगा बढ़ावा

राँची: इस बार के बजट में झारखंड सरकार ने किसानों के हित में कुछ अति महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। इस बजट में कृषि को बढ़ावा देने के लिए जलवायु परिवर्तन, सिंचाई और पशुधन के संबंधित घोषणाओं से किसानों को काफी लाभ होने की उम्मीद है। सरकार की योजना के अनुसार किसानों से गाय के गोबर की खरीद की जाएगी। इस खरीद पर किसानों को सब्सिडी देने की व्यवस्था की गई है। बजट में किए गए इस प्रावधान से राज्य के पशुपालक किसान काफी उत्साहित हैं। सरकार के इस फैसले से किसानों को उम्मीद है कि उन्हें गोबर के अच्छे दाम मिलेंगे व इससे उनकी कमाई में कुछ अतिरिक्त आमदनी जुड़ेगी। अब तक जो गोबर बर्बाद होता था उसका सही तरीके से इस्तेमाल हो सकेगा। एक तरह से देखा जाए तो किसानों को अब गोबर औऱ दूध दोनों के दाम मिलेंगे।

काफी किसानों का यह मानना है कि अगर सरकार की यह योजना सही तरीके से लागू होती है तो गायपालन को बढ़ावा मिलेगा। क्योंकि राज्य के किसान अधिक से अधिक संख्या में गौपालन करेंगे। इस योजना का सबसे पहला फायदा यह होगा कि राज्य के किसान पशुपालन पर ध्यान देंगे। जो किसान कृषि कार्यों के लिए गाय या बैल का इस्तेमाल नहीं करते थे वो अब गौपालन के बारे में विचार करेंगे।

आपको बता दें कि झारखंड में कृषि को टिकाऊ बनाने के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देने के प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा की जाने वाली गोबर खरीद योजना से जैविक खेती अभियान को बढ़ावा मिलेगा। क्योंकि इसके बाद राज्य के किसान अधिक जागरूक होंगे। साथ ही सरकार की योजना है कि किसानों द्वारा खरीदे गए गोबर से बॉयोगैस और वर्मी कंपोस्ट बनाया जाएगा। इससे यह फायदा होगा कि किसानों को वर्मी कंपोस्ट आसानी से मिल जाएगा। जैविक खाद आसानी से मिलने पर किसान जैविक खेती करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

Related posts

Leave a Comment