नई दिल्ली: आज के समय में काफी किसान डिजिटल वर्ल्ड के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की कोशिश कर रहे हैं। इससे उनका बहुत फायदा भी हो रहा है। क्योंकि इस बात की सच्चाई अब खुलकर उजागर होने लगी है कि यदि कृषि के तौर-तरीकों में कोई व्यापक बदलाव नहीं किया गया तो यह मुनाफा देने के मामले में भी अपने समय से काफी पीछे रहेगी। कृषि को यदि किस्मत के भरोसे छोड़कार परिणाम की उम्मीद की जाएगी तो इसमें जीत की संभावना भी है और हार की भी। लेकिन यह भी तय है कि कृषि में किस्मत के भरोसे मिलने वाली जीत कोई बहुत ही अप्रत्याशित नहीं होगी। ऐसी स्थिति में खेती के आधुनिक तौर-तरीकों को अपनाना अब किसानों के लिए विकल्प नहीं बल्कि अनिवार्यता बन गई है।
उपरोक्त परिस्थियों को ध्यान में रखकर दिल्ली व महाराष्ट्र के वैज्ञानिकों ने जर्मनी के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर एक ऐप तैयार किया है, जिसका नाम है – कृषक मित्र। इस ऐप के माध्यम से किसान डिजिटल फार्मिंग कर सकेंगे। यानी इस ऐप से किसी भी फसल की बीमारी को का पता लगाना काफी आसान होगा। बीमारी का पता चलने के बाद इस ऐप में उसके इलाज के बारे में बताया जाएगा। इससे किसानों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा और वे भावी नुकसान से काफी हद तक बच जाएंगे।
कृषक मित्र ऐप को इंस्टाल करने के लिए सबसे पहले आप गूगल प्ले स्टोर में जाएँ। इसके बाद इंग्लिश में कृषक मित्र टाइप करें। ऐप को इंटस्टाल करने के बाद इसमें मौजूद 72 भाषाओं में से अपनी भाषा का चयन करें। इसके बाद अपने देश भारत का चयन करें। फिर आगे बढ़ते हुए अपने राज्य का चयन करें और कुछ अन्य संबंधित जानकारियाँ दर्ज करें। इस प्रकार कृषक मित्र ऐप में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
जहाँ तक इस ऐप के कुछ प्रमुख फायदों का सवाल है तो इससे आप खरपतवार की पहचान करने में सक्षम होंगे। इससे उन्हें फसल से निकालना आसान होगा। इसके अलावा इसकी सहायता से रोग की पहचान करने में भी मदद मिलेगी। जब फसल में लगे रोग की पहचान हो जाएगी तब उसके उपचार के बारे में भी बताया जाएगा। इस ऐप के माध्यम से फसल के पत्तों को हुए नुकसान के बारे में भी जानकारी मिलेगी। साथ ही उसके उपचार के बारे में भी बताया जाएगा। इन तमाम सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए आपको ऐप में लॉगिन करने के बाद वहाँ मौजूद कैमरे से बीमारी की फोटो लेनी है। फिर उसे विशेषज्ञ के पास भेजनी है। ऐसा करने के 30 सेकेंड के भीतर आपको पूरी जानकारी मिल जाएगी।