पटनाः पूर्व मध्य रेल के पटना जंक्शन पर विश्वस्तरीय सूचना प्रणाली की शुरुआत होगी। इस प्रणाली के तहत जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों की हर जानकारी आप तक पहुंच जाएंगी। प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों के ऊपर, रिटायरिंग रूम, वेटिंग रूम, वेटिंग हॉल एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर 650 टीवी स्क्रीन लगाए जाएंगे। दानापुर मंडल ने इसकी रुपरेखा तैयार कर ली है। सीआईबी की तर्ज पर जंक्शन की सूचना इतिहास को बदलने का निर्णय लिया गया है।
कहां-कहां लगाए जाएंगे 650 सूचना स्क्रीन….
जानकारी के अनुसार पटना जंक्शन के एक नंबर प्लेटफार्म से लेकर दस नंबर प्लेटफार्म तक के सभी प्लेटफॉर्म पर कोच इंडिकेशन बोर्ड के रूप में 32 इंच का टीवी स्क्रीन लगाया जायेगा। प्रत्येक प्लेटफार्म पर किसी ट्रेन के अधिकत्तम क्षमता 24 डब्बे के हिसाब से प्रत्येक कोच के सामने एक जोड़ा कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाया जायेगा, जिसे यात्रियों द्वारा दोनों ओर से देखा जा सकेगा। एक प्लेटफार्म पर एक गाड़ी के लिए कुल 24 जगहों पर 48 कोच इंडिकेशन बोर्ड होगा। एक नंबर प्लेटफॉर्म से लेकर दस नंबर प्लेटफार्म तक 240 पॉइंट्स पर 480 टीवी स्क्रीन लगाया जायेगा।- सभी प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए चढ़ने-उतरने वाली सभी जगहों पर भी बड़े स्क्रीन वाले कुल 60 टीवी स्क्रीन लगाये जायेंगे। साथ ही सभी रिटायरिंग रूम, वेटिंग रूम, वेटिंग हॉल एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगभग 100 टीवी स्क्रीन लगाए जाएंगे।
कोच नंबर भी देख सकेंगे यात्री
टीवी स्क्रीनों पर गाड़ियों के सभी डब्बों का कोच नंबर स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। अभी तक किसी भी स्टेशन पर कोच इंडिकेशन बोर्ड में केवल डब्बों का सांकेतिक अक्षर अर्थात A/1, B/2, S/1 इत्यादि ही दिखाई देता था, परन्तु इसमे सांकेतिक अक्षरों के साथ-साथ डिब्बों में अंकित उसका नंबर अर्थात A/1- 98764 भी प्रदर्शित होगा जिससे यात्रियों को गाड़ी आने के पहले ही निर्धारित कोच के सामने इंतजार करने में सुविधा होगी एवं दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही गाड़ियों के आवागमन की सूचना, पटना जंक्शन पर सीमित अवधि में आने वाली गाड़ियों के लाइव स्टेटस की भी जानकारी को देखा जा सकेगा।
निकाला गया टेंडर
दानापुर के डीआरएम ने बताया कि इन कार्यों के लिए निविदा प्रसारित कर दी गई है। इसे जल्द ही अंतिम स्वरूप देकर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। पटना जंक्शन को देश के विकसित स्टेशन के रूप में लाने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते नई सूचना प्रणाली पर काम किया जाना है।