मौसम का हाल

उत्तर भारत में मौसम में बदलाव की संभावना, बढ़ेगी गर्मी और उमस

नई दिल्ली: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है। आइए जानते हैं आज का मौसम कैसा रहेगा:

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी और उमस

दिल्लीवासियों को आने वाले दिनों में गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार, 7 जून 2025 को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। आज का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 8 जून से लेकर 12 जून तक तापमान और बढ़ सकता है, और यह 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही, ह्यूमिडिटी यानी नमी भी बढ़ेगी। 6 जून को जहां नमी 30-50 प्रतिशत के बीच थी, वहीं 11 जून तक यह 40-50 प्रतिशत हो सकती है। इससे गर्मी के साथ-साथ उमस लोगों को और ज्यादा परेशान कर सकती है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी लौटेगी

उत्तर प्रदेश में हाल ही में बारिश के कारण थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि लखनऊ समेत कई हिस्सों में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आज का दिन साफ रहेगा, लेकिन धूप तेज होगी।

बिहार में भी गर्मी तेज़ होने वाली है। किशनगंज और पूर्णिया जैसे इलाकों को छोड़कर ज्यादातर हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क रहेगा। इन पूर्वी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि बाकी बिहार में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

राजस्थान में पड़ेगी झुलसाने वाली गर्मी

राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लू का खतरा बना रहेगा। लोगों को सलाह दी जाती है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें और खूब पानी पीते रहें।

पहाड़ी राज्यों में हो सकती है बारिश

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज और बिजली चमकने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है। कहीं तेज गर्मी है तो कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में सभी को मौसम की जानकारी लेकर ही बाहर निकलने की सलाह दी जाती है।

Related posts

Leave a Comment