मुखिया समाचार

उत्तर प्रदेश में इस नई व्यवस्था के साथ 1 अक्टूबर से शुरू होगी धान की खरीद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में धान की खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आगे दो चरण में धान की खरीद की जाएगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर से तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर से एमएसपी पर धान की सरकारी खरीदारी शुरू होगी। इससे पहले प्रदेश भर में 16 अगस्त से ही धान की खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन आरंभ होना था, लेकिन समय पर कुछ आवश्यक तैयारियाँ न हो पाने की वजह से इसमें देरी हो गई। हालाँकि, राज्य सरकार के अधिकारी अभी भी धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने, खेत के पास ही धान की खरीद करने, व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और धान खरीद के लिए तत्काल भुगतान समेत तमाम अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।

सरकार की ओर से इस बार धान की खरीद के लिए एक नई व्यवस्था लागू की गई है। धान की खरीद को लेकर इस बार सरकार ने एक नया आदेश जारी किया है। इसके अनुसार धान खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन करने पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। यह ओटीपी आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। ताकि धान खरीद प्रक्रिया में और पारदर्शिता आ सके। ऐसे में, यह आवश्यक है कि धान की बिक्री करने वाले किसान अपना वर्तमान मोबाइल नंबर अपने आधार से लिंक करा लें। सरकार की ओर से किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन का लिंक उपलब्ध करा दिया गया है।

धान की बिक्री करने वाले किसानों को यह जानना जरूरी है कि रजिस्ट्रेशन के लिए 24 घंटे में केवल तीन बार ही ओटीपी भेजा जाएगा और यह मात्र 10 मिनट के लिए ही वैध होगा। इस नई व्यवस्था के तहत् किसानों को बैंक विवरण रजिस्ट्रेशन के समय भरना अनिवार्य नहीं है बल्कि, सरकार उनके आधार से लिंक बैंक खाते में सीधे भुगतान करेगी। इसबार सामान्य धान का एमएसपी 1940 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड A धान का एमएसपी 1960 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। यदि किसान धान खरीद से संबंधित कोई सहायता चाहते हैं तो वो टोल फ्री नंबर 18001800150 पर कॉल कर सकते हैं।

Related posts

Leave a Comment